शहर में दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, दिन में धूप सुबह-रात में बारिश

शहर में दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, दिन में धूप सुबह-रात में बारिश
शहर में दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम, दिन में धूप सुबह-रात में बारिश

जबलपुर, का.सं.। शहर में लगातार चौथे दिन गुरुवार को सुबह और रात में बारिश हुई। 24 घंटे में 7.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। अरब सागर से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक दिसंबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। अगले दो दिन में जबलपुर संभाग के जिलों में मध्यम-तेज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जगह ओले भी गिर सकते हैं।

फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत क्षेत्र में सक्रिय होने जा रहा है। उसके प्रभाव के चलते आज से एक बार फिर प्रदेश में नम हवा आने से बारिश का एक और दौर चलेगा। बादल रहने के कारण दिन के तापमान में गिरावट होगी तो रात में बढ़ा रहेगा। आने वाले 3 दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। दिसंबर के पहले सप्ताह से तापमान में धीरे धीरे गिरावट आना शुरू होगी। तेज ठंड का असर दूसरे हफ्ते से देखने को मिलेगा।

धूप से बढ़ा दिन का तापमान

शहर में गुरुवार की सुबह हुई बारिश के बाद दोपहर को काफी देर तक चटक धूप खिली। इसके चलते दिन के तापमान में खासी बढ़त हुई। अधिकतम तापमान गुरुवार को 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक 6.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके चलते वातावरण में ठंडक घुली रही।