जबलपुर। शहर के ललपुर गांव स्थित न्यू भेड़ाघाट रोड पर निर्माणाधीन ब्रिज का एक हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ऊंचाई से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई|
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात न्यू भेड़ाघाट रोड पर बन रहे ब्रिज पर निर्माण कार्य जारी था। इसी दौरान अचानक ब्रिज का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। उस हिस्से पर काम कर रहे तीन श्रमिक नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद मजदूरों ने शोर मचाया और तुरंत इसकी सूचना प्रशासन व पुलिस को दी गई।
हादसे में एक श्रमिक की ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
