गोवा: सीएम सावंत ने बताया- नाइट क्लब हादसे में कितने लोगों की मौत दम घुटने से हुई

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया है कि अर्पोरा के नाइट क्लब में आग लगने के मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

 

शनिवार की देर रात हुई घटना की जानकारी देते हुए सीएम सावंत ने कहा, “घटना होने के 45 मिनट के अंदर पुलिस और फ़ायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर मौजूद थी. लेकिन कई रुकावटों के कारण फ़ायर डिपार्टमेंट की टीम के लिए ठीक क्लब तक पहुंचना मुश्किल था. फिर भी आधे घंटे के अंदर वहां जो फ़ायर कंट्रोल करना था, उन्होंने किया.”

 

“उन्हें ऊपर सिर्फ़ दो शव दिखे थे, इसीलिए पहले उन्होंने सिर्फ़ दो शव की बात कही. लेकिन बाद में जब क्लब के अंडरग्राउंड गए, तब बाकी 23 शव दिखे. इन शवों पर कोई फ़ायर इंजरी नहीं थी. दम घुटने के कारण मौत हुई.”

 

इस दुर्घटना में कुल 25 लोगों की मौत हुई है.

 

सीएम सावंत ने कहा कि शुरुआती रिपोर्ट जो सामने आई है, उसके मुताबिक़ क्लब में जो इलेक्ट्रिकल फ़ायर क्रैकर्स जलाते हैं, उससे आग लगी.

 

पुलिस ने बताया कि इस मामले में चीफ़ जनरल मैनेजर राजीव मोदक, जनरल मैनेजर विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंहानिया और गेट मैनेजर प्रियांशु ठाकुर को गिरफ़्तार किया गया है.

 

वहीं क्लब के मालिक सौरभ लुथरा और गौरव लुथरा के ख़िलाफ़ भी एफ़आईआर दर्ज है.