मध्य प्रदेश के भारतीय जनता पार्टी ने अपने सांसद और विधायकों के लिए पचमढ़ी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज दूसरा दिन है। इस प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को सशक्त और कुशल बनाना है, ताकि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रभावी कार्य कर सकें। तीन दिन चलने वाला यह प्रशिक्षण शिविर सोमवार 16 जून तक चलेगा।
प्रशिक्षण वर्ग का आज दूसरा दिन
आज रविवार (15 जून) सांसद-विधायकों के प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भाग ले रहे हैं। आज प्रशिक्षण वर्ग को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे़, बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, हितानंद शर्मा सहित अलग-अलग नेता अलग-अलग सत्रों में संबोधित करेंगे।
आज के निर्धारित कार्यक्रम के तहत अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के प्रभाव वाली सीटों के ग्रुप बनाकर चर्चा शुरू हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संसदीय कार्य प्रणाली, निर्वाचन क्षेत्र प्रबंधन, नवाचार, चुनौतियों और सदन में भूमिका पर चर्चा कर रहे हैं। प्रशिक्षण में दलित और आदिवासी वर्ग के प्रभाव वाली सीटों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविर में 1 घंटे देरी से पहुंचे विधायक
प्रशिक्षण वर्ग के सत्र की शुरुआत का समय सुबह 9:30 बजे रखा गया था लेकिन कई विधायक आज देरी से सत्र में पहुंचे। इनमें कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, नेपानगर विधायक मंजू दादू, खंडवा विधायक कंचन तनवे, और पंधाना विधायक छाया मोरे शामिल हैं, ये विधायक कार्यक्रम में एक घंटे की देरी से पहुंचे हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में विधायक अर्चना चिटनीस, बड़वाह विधायक सचिन बिरला और मांधाता विधायक नारायण पटेल भी पहुंचे। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मंत्री राजपूत ने कांग्रेस पर साधा निशाना : प्रशिक्षण सत्र में पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान को पानी देना बहुत पहले बंद कर देना चाहिए था, लेकिन मेरा मानना है कि यह कांग्रेस की भूल थी। कांग्रेस वह नहीं किया जो उसे करना चाहिए था। वहीं उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रशिक्षण वर्ग में अनुपस्थिति पर कहा कि सिंधिया कहीं बाहर हैं।
सत्र में पहुंचे मंत्री विजय शाह: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह भी प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे हैं। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले शाह मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। शाह मीडिया से बगैर बातचीत किए सत्र के लिए होटल में चले गए।
वाणी पर संयम जरूरी: खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण इसलिए भी आवश्यक है कि हम जनता के सामने अच्छी तस्वीर पेश कर सकें, इसलिए वाणी पर संयम तो सभी को रखना चाहिए।
