इसराइल से तनाव के बीच चीन और ईरान के विदेश मंत्रियों ने फ़ोन पर की बातचीत

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शनिवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से टेलीफ़ोन पर बातचीत की.

 

इस बातचीत को लेकर चीन के विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है.

 

जारी बयान के मुताबिक़, “सैयद अब्बास अराग़ची ने वांग यी को क्षेत्रीय स्थिति और हालिया घटनाक्रम की जानकारी दी.”

 

“सैयद अब्बास अराग़ची ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी से कहा कि हाल ही में इसराइल ने ईरान पर जो हमला किया, उसमें कई ईरानी सैनिकों और आम नागरिकों की मौत हुई है. इस हमले में इसराइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों को भी निशाना बनाया, जो अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ है.”

 

अराग़ची ने उम्मीद जताई है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय मिलकर इसराइल से सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील करेगा.

 

वहीं वांग यी ने कहा कि जैसे ही इसराइल ने ईरान पर हमला किया, चीन ने तुरंत अपना पक्ष साफ़ कर दिया था.

 

उन्होंने कहा, “चीन ने इस हमले को ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्र की एकता का उल्लंघन कहा है और चीन ईरानी अधिकारियों को निशाना बनाकर किए गए हमले और आम लोगों की मौत का कड़ा विरोध करता है.”

 

“इसराइल की ये हरकतें संयुक्त राष्ट्र के नियमों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों के ख़िलाफ़ हैं. ख़ासतौर पर इसराइल का ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला करना बहुत ख़तरनाक है और इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं.”

 

चीन ने इसराइल पर दबाव बनाने वाले देशों से अपील की है कि वो शांति कायम करने के लिए ठोस क़दम उठाएं.