कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे

कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे
कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे

चूरू, एजेंसी। पीएम नरेन्द्र मोदी राजस्थान में चुनावी अभियान के तहत शेखावाटी के चूरू के तारानगर में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले एक-दूसरे को रनआउट करने में लगे हैं। जो बचे हैं, वो महिलाओं और अन्य मुद्दों पर गलत बयान देकर हिट विकेट हुए जा रहे हैं। बाकी जो हैं, वो पैसे लेकर, रिश्वत लेकर मैच फिक्सिंग कर लेते हैं। जब इनकी टीम ही इतनी खराब है, तो ये क्या रन बनाएंगे और आपका क्या काम करेंगे। हमें हर पोलिंग बूथ पर पांच से सात सेंचुरी लगानी है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में इस भूमि पर ईश्वर का नाम लेना भी मुश्किल हो गया है। एक तरफ भाजपा है, जो करतारपुर साहब कॉरिडोर बनवाती है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने राज में यहां शोभा यात्रा तक निकलने नहीं देती है। वह देवी- देवताओं की शोभा यात्रा रोक लगाती है, लेकिन आतंकी संगठन पीएफआई की रैली को बढ़ावा देती है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार फैलाया है। भाजपा सरकार आएगी तो सभी भ्रष्टाचारियों को आउट कर देंगे और बीजेपी विकास का स्कोर तेजी से बनाएगी। जीत राजस्थान की होगी, जीत किसान, महिलाओं, युवाओं के भविष्य की होगी। आज भारत हर क्षेत्र में विकास कर रहा है चंद्रयान चांद पर पहुंचा। कोरोना का देसी टीका बनाया। कांग्रेस और विकास एक-दूसरे के दुश्मन हैं, इसलिए विकास चाहिए तो कांग्रेस को जितना दूर रखें, उतना अच्छा है। राजस्थान भी इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा। कांग्रेस की मानसिकता देखिए। एक मंत्री बेटियों पर अत्याचार को यह कहकर सरेआम जायज ठहराता है कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। यह माता बहनों और राजस्थान के पुरुषों का अपमान है। कांग्रेस के मंत्री बेशर्मी के साथ यह बात करते हैं। मर्द कभी यह पाप नहीं करते, वे बेटियों के चरित्र की रक्षा के लिए अपना सर कटवा देते हैं। मर्दों का अपमान करने वाली माताओं का अपमान करने वाली कांग्रेस सरकार को जाना चाहिए। कायदे से तो उसको उसी दिन मंत्रिमंडल से बाहर कर देना चाहिए था, लेकिन उसका मंत्री पद भी सुरक्षित रहा और बेशर्मी के साथ चुनाव का टिकट दे दिया गया। इसका मतलब है दिल्ली वालों की कुछ ऐसी खबर उसके पास है कि पूरी दिल्ली उससे डरती है और वह अपने इशारों पर नचाता रहता है। वह टिकट भी लेकर आ गया और चुनाव लड़ रहा है। लाल डायरी के पत्रे धीरे-धीरे, आहिस्ता-आहिस्ता खुल रहे हैं। इधर पत्रे खुलते हैं, उधर गहलोतजी का फ्यूज उड़ जाता है। गहलोतजी की जादूगरी लाल डायरी में दिखने लगी है। कांग्रेस के पेपर लीक माफियाओं ने युवाओं का भविष्य बेच दिया। बाजार में भविष्य बेचने वाली कांग्रेस की सजा जरूर दीजिए। कांग्रेस ने किसानों तक को नहीं छोड़ा। रूस- युक्रेन युद्ध के कारण खाद की कीमतें कई गुना बढ़ गई, लेकिन भारत के किसानों को हमने खाद की कमी नहीं आने दी। पूरी दुनिया में यूरिया की एक बोरी 3 हजार रुपए में बिकती है, वही यूरिया हम हिंदुस्तान में किसानों को 300 रुपए से भी कम कीमत में दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने इसमें भी आपको लूट लिया। यहां फर्टिलाइजर में घोटाला किया और किसान यूरिया के दाने-दाने को तरसते रहे। भाजपा ने किसान सम्मान निधि को डबल करने का संकल्प लिया है। 3 दिसंबर को सरकार बनते ही किसानों के खाते में हर साल 12 हजार रुपए जमा होंगे।