Breaking
Mon. May 20th, 2024

लूट पार्टी का झूट उजागरः भगवानदास सबनानी मंत्री भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ कांग्रेस द्वारा किया गया षड्यंत्र विफल हो गया कांग्रेस के झूठे आरोपों को लोकायुक्त संगठन ने कर दिया सिरे से खारिज

By MPHE Sep 30, 2023

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि अकंठ भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस पार्टी का भ्रष्टाचार का लंबा इतिहास रहा है। यह वही पार्टी है जिसके बड़े नेता आज भ्रष्टाचार के आरोप में जमानत पर हैं। जिस पार्टी की आधारशिला ही भ्रष्टाचार की बैसाखी में पर टिकी हो, वह पार्टी जब भ्रष्टाचार के आरोप लगाती है तो यह हास्यापद लगता है। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह पर झूठा भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर भारतीय जनता पार्टी को जिस तरीके से बदनाम करने की साजिश रची थी, उस झूठ का आज भंडाफोड़ हो गया है। कांग्रेस नेताओं का असली चरित्र फिर उजागर हुआ है। कांग्रेस द्वारा मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह पर लोकायुक्त में की गई झूठी शिकायत को लोकायुक्त संगठन ने खारिज करते हुए समाप्त कर दिया है। इससे यह स्पष्ट है कि कांग्रेस सिर्फ झूठ के सहारे ही अपनी राजनीति करती है।
प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र और चेहरा ही भ्रष्टाचार से लिप्त रहा है। कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने के उद्देश्य से फर्जी पत्र वायरल किया था। जबकि करप्शननाथ एवं मि. बंटाढार ने कितना भ्रष्टाचार किया है, यह सब प्रदेश की जनता जानती है। फिर चाहे तुगलक रोड हवाला कांड, आगस्ता वेस्ट कांड, वल्लभ भवन दलाली का अड्डा, इलेक्शन कमीशन की जांच के बाद कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके सहयोगियों के यहां पड़े छापे और वहां से मिली नगदी यह बताती है कि कांग्रेस का चाल और चरित्र ही भ्रष्टाचार का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार को लेकर उनके सरकार के मंत्री भी उजागर करते रहे हैं। कमलनाथ सरकार में रहे उमंग सिंघार ने खुलकर कमलनाथ सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किया था। एक और मंत्री और आज के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भी सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को बदनाम करने के लिए अनेकों साजिश रची लेकिन यह सभी साजिश झूठी साबित हुई। कांग्रेस ने विधानसभा सत्र के दौरान भी भाजपा को बदनाम करने का झूठा आरोप लगाया था। यह आरोप भी अंधेरे में लट्ठ मारने जैसा साबित हुआ। मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह के खिलाफ कांग्रेस द्वारा किया गया षड्यंत्र बिफल हो गया है।
कमलनाथ सरकार में वल्लभ भवन बन गया था दलाली का अड्डा
प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि कमलनाथ सरकार में 165 दिन में 450 आईएएस और आईपीएस के ट्रांसफर किए गए। 15 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले किए गए। वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया था। मुख्यमंत्री कमलनाथ के ओएसडी का जो वीडियो वायरल हुआ था, वह भ्रष्टाचार पर खुलकर लगाया। कांग्रेस सरकार के एक नहीं, कई मामले हैं। सिंचाई परियोजना में घोटाला किया गया। विधायकों को मिलने के लिए समय नहीं दिया जाता था। विधायकों से कहते थे चलो-चलो…। कोई बड़ा ठेकेदार आ जाए, तो उसे बैठाते थे। यदि कांग्रेस सरकार ने जनकल्याण और प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया होता, तो उनकी ही सरकार के मंत्री कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप नहीं लगाते।

By MPHE

Senior Editor

Related Post