Breaking
Thu. Apr 25th, 2024

विदिशा से शिवराज, खजुराहो से वीडी शर्मा और भोपाल से आलोक शर्मा का नाम तय

By MPHE Mar 2, 2024
विदिशा से शिवराज, खजुराहो से वीडी शर्मा और भोपाल से आलोक शर्मा का नाम तय
विदिशा से शिवराज, खजुराहो से वीडी शर्मा और भोपाल से आलोक शर्मा का नाम तय

आज घोषित होंगे भाजपा के प्रत्याशी : फग्गन सिंह की टिकिट नहीं कटेगी

 

भोपाल (सुरेश शर्मा)।भाजपा चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश के प्रत्याशियों के नामों को अन्तिम रूप दे दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शाम तक नामों की सूची जारी हो सकती है। पता चला है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान की विदिशा से मैदान में उतारा जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा अपने पुराने क्षेत्र खजुराहो से ही चुनाव लड़ेंगे। बीच में उनका नाम भोपाल से चला था। अब भोपाल से पूर्व महापौर आलोक शर्मा का नाम पक्का हो गया है। इसी प्रकार कुछ नये चेहरों के साथ प्रदेश की सूची आज शाम तक आ सकती है। भाजपा का लक्ष्य मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों को जीतने का है। इसके लिए भाजपा ने प्रदेश में पुराने समीकरणों के आधार पर एकजुट रखने के प्रयास किये हैं।

 

पिछले दिनों से यह चर्चा तेजी से चल रही है कि मध्यप्रदेश में भाजपा 28 सीटों पर नाम पहले घोषित कर सकती है। लेकिन अब यह जानकारी मिली है कि पहले दौर में भाजपा दो दर्जन के आसपास नाम घोषित कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके पुराने चुनाव क्षेत्र विदिशा से ही मैदान में उतारा जा सकता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को उनके पुराने क्षेत्र खजुराहो से ही चुनाव लड़ाने का निर्णय हुआ है। उनके नाम पर रायशुमारी भोपाल सीट के लिए भी सामने आई थी। अब यह पता चला है कि भोपाल से पूर्व महापौर आलोक शर्मा को टिकिट तय हो गई है।

 

भाजपा ने देश भर की 200 के आसपास सीटों पर नाम तय कर लिये हैं। जिसमें उन राज्यों के नाम तय हो चुके हैं जहां राजग की कोई दावेदारी नहीं है। मध्यप्रदेश वह राज्य है जहां सभी सीटों पर भाजपा ही चुनाव लड़ेगी। इसलिए यहां के नामों पर निर्णय कर लिया गया है। विधानसभा चुनाव में जिन सात सांसदों को मैदान में उतारा गया था वहां पर जीतने वाले पांच स्थानों पर लोकसभा के लिए नये चेहरे सामने आयेंगे। यह हो सकता है कि कुछ उन नेताओं को टिकिट दिये जाने की संभावना बन सकती है जो विधानसभा के चुनाव में हार गये थे। डा. नरोत्तम मिश्रा का नाम सबसे आगे है। वे मुरैना या ग्वालियर से चुनाव लड़ सकते हैं। यह भी जानकारी मिली है कि भाजपा ने मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते को ही उतारने का मन बनाया है। बड़े आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते का टिकिट काटना अच्छे संदेश नहीं दे रहा हे। समाचार यह भी है कि गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया को लड़ाने का तय किया गया है। नर्मदापुरम, जबलपुर और दमोह से नये नामों पर निर्णय हो गया है। यह जानकारी जल्द सामने आ रही है।

 

भाजपा चुनाव समिति की पहली बैठक देर रात तक चली थी। यह जानकारी मिली है कि देश भर की उन सीटाें पर पहले नाम घोषित कर दिये जायेंगे जिनकी जीत पर कोई संशय नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह सरीके नेताओं को टिकिट पहले दौर की सूची में ही शामिल होंगे। मध्यप्रदेश के बारे में यह चर्चा है कि पांच सांसद विधायक बन गये थे उनके स्थान पर नये चेहरे आयेंगे। इसके अलावा भोपाल, धार और झाबुआ से प्रत्याशी बदलने की चर्चा है। जिस प्रकार विधानसभा में अधिक नाम नहीं कटे इसी प्रकार लोकसभा में भी नाम काटने की संभावना कम ही बताई जा रही है।

By MPHE

Senior Editor

Related Post